कठुआ, 17 मार्च (हि.स.)। दूरदराज क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जसरोटा के विधायक राजीव जसरोटिया ने फराल से चफादेयां तक बनने वाली 3 किलोमीटर लंबी सड़क परियोजना का शुभारंभ किया। करीब 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली यह सड़क आजादी के बाद इस क्षेत्र की पहली सड़क होगी, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया।

यह परियोजना लोक निर्माण विभाग डिवीजन कठुआ द्वारा यूटी कैपेक्स बजट 2025-26 के तहत क्रियान्वित की जाएगी। सड़क बनने से दूरस्थ गांवों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, आवागमन आसान होगा और लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा व अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सहूलियत मिलेगी। स्थानीय निवासियों ने इसे वर्षों पुरानी मांग पूरी होने जैसा बताते हुए कहा कि सड़क न होने के कारण उन्हें आपातकालीन स्थितियों और खराब मौसम में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। नई सड़क से न केवल रोजमर्रा की जिंदगी आसान होगी बल्कि क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। इसी अवसर पर विधायक ने जखोल में मोहल्ला शहीद चग्गर लिंक के लिए पीएमजीएसवाई सड़क के मैकाडमाइजेशन कार्य का भी उद्घाटन किया। करीब 15 लाख रुपये की लागत से होने वाला यह कार्य सड़क की गुणवत्ता सुधारकर आवागमन को सुरक्षित और सुगम बनाएगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जसरोटिया ने कहा कि सड़क संपर्क किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होता है और इससे ग्रामीण इलाकों के सामाजिक व आर्थिक बदलाव को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि सरकार अंतिम छोर तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और ऐसे कार्य आगे भी प्राथमिकता पर किए जाएंगे। बाद में फराल में आयोजित जनता दरबार में विधायक ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। कई शिकायतों का तुरंत निपटारा किया गया, जबकि अन्य को तय समय सीमा में पूरा करने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने अधिकारियों को जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ काम करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक ने भरोसा दिलाया कि जनता की सभी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे जन दरबार आयोजित किए जाते रहेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
