मैहर, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर स्थित धार्मिक नगरी मैहर में विकास कार्यों की हकीकत रेलवे स्टेशन से शहर को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग पर साफ दिखाई दे रही है। शहर के इस प्रमुख प्रवेश मार्ग की जर्जर सड़क, बीच सड़क में क्षतिग्रस्त नाला और अधूरा पड़ा निर्माण कार्य नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।

रेलवे स्टेशन से शहर में प्रवेश करने वाले इस मार्ग पर लंबे समय से नाले का पानी सड़क पर भर जाता है, जिससे राहगीरों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के बीचों-बीच क्षतिग्रस्त नाले के कारण पूरे रास्ते में कीचड़ और गंदा पानी जमा रहता है, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है।
इस समस्या को लेकर कांग्रेस के नगर अध्यक्ष प्रभात द्विवेदी ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने इसे जनहित का मुद्दा बताते हुए कहा कि नगर पालिका ने लगभग 20 दिन पहले सड़क के बीच बैरिकेडिंग लगाकर नाला और सड़क निर्माण का कार्य शुरू किया था, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया है।
अधूरे निर्माण और सड़क के बीच लगी बैरिकेडिंग के कारण रेलवे स्टेशन जाने वाले इस मुख्य मार्ग पर आवागमन बाधित हो गया है। स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति इसलिए भी चिंताजनक है क्योंकि मां शारदा मंदिर का प्रसिद्ध नवरात्रि मेला शुरू होने में अब केवल एक सप्ताह का समय शेष है। इस दौरान लाखों श्रद्धालु मैहर पहुंचते हैं और रेलवे स्टेशन ही शहर में प्रवेश का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में मुख्य मार्ग पर अधूरा निर्माण और जलभराव प्रशासनिक लापरवाही का उदाहरण बनता नजर आ रहा है।
प्रभात द्विवेदी ने मौके का निरीक्षण कर कहा कि प्रशासन ने केवल औपचारिकता निभाने के लिए काम शुरू किया था, लेकिन उसे अधूरा छोड़ दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क और नाले का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो जनहित में आंदोलन किया जाएगा।
अब बड़ा सवाल यह है कि नवरात्रि मेले से पहले नगर पालिका इस समस्या का समाधान कर पाएगी या श्रद्धालुओं और नागरिकों को इसी अव्यवस्था के बीच से गुजरना पड़ेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी
