मुर्शिदाबाद, 11 मार्च (हि. स.)। पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने खुफिया सूचना के आधार पर मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर बस स्टैंड पर छापेमारी कर मादक पदार्थ तस्करी में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान साहाबुद्दीन शेख उर्फ शमीम, अनारुल शेख और नासिरुद्दीन के रूप में हुई है। तीनों मुर्शिदाबाद जिले के निवासी बताए गए हैं।

एसटीएफ के अधिकारियों ने बताया कि बुधवार शाम चलाए गए अभियान के दौरान आरोपितों के पास से 554 ग्राम हेरोइन बनाने में प्रयुक्त कच्चा माल बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके साथ ही कुछ अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है।
इस मामले में बहरामपुर थाने में नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपितों को गुरुवार को अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
