पश्चिम मेदिनीपुर, 11 मार्च (हि.स.)। जिले के चंद्रकोणा थाना क्षेत्र के बांकेड़ा इलाके में बुधवार को लॉरी और बाइक की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत हो गई। घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान शंख हाजरा (30) के रूप में हुई है। वह भीरीरखपुर गांव का निवासी है।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे बांकेड़ा स्थित सत्यमूल तेल पंप के पास यह दुर्घटना हुई।
बताया गया है कि कालकापुर की ओर से तेज गति से आ रही दस चक्के ट्रक के सामने से आ रही शंख हाजरा की मोटरसाइकिल से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि युवक सड़क पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद लॉरी चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों ने शखर कोल्ड स्टोरेज के सामने लॉरी को रोक लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। युवक की अचानक मौत से इलाके में शोक और तनाव का माहौल व्याप्त है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
