धर्मशाला, 11 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम ने गगल एयरपोर्ट अथॉरिटी के साथ मिलकर गगल हवाई अड्डा और मैक्लोडगंज के बीच पर्यटकों को लाने और ले जाने के लिए बुधवार से टेंपो ट्रैवलर की सुविधा शुरू की गई। 22 सीटर इस टेंपो ट्रैवलर को हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने हरि झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उनके साथ निदेशक एयरपोर्ट अथॉरिटी अमित सकलानी, डीएम पंकज चड्ढा, आरएम साहिल कपूर तथा सचिव नवनीत शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

उपाध्यक्ष अजय वर्मा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गगल एयरपोर्ट और मैकलोडगंज के बीच पर्यटकों के लिए पहली बार इस सुविधा का शुभारंभ किया गया है। इसके लिए उन्होंने गगल एयरपोर्ट अथॉरिटी के प्रशासन का आभार जताया है, जिन्होंने इस कार्य में अपना पूरा सहयोग दिया।
उन्होंने कहा कि इस टेंपो ट्रैवलर का उपयोग गगल एयरपोर्ट पर आने वाली प्रत्येक फ्लाइट के समय के अनुसार किया गया है ताकि हर फ्लाइट के साथ उतरने वाले पर्यटकों को धर्मशाला और मैकलोडगंज तक ले जाया जाए और वहां से गग्गल एयरपोर्ट आने वाले पर्यटकों को गगल एयरपोर्ट तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया इस टेंपो ट्रैवलर में धर्मशाला तक के सफर के लिए मात्र 60 रुपये किराया और मैकलोडगंज के लिए 100 रुपये किराया निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा इस टेंपो ट्रैवलर को चलाने की मांग बहुत पहले से की जा रही थी जिसे अब पूरा किया गया है। इसका लाभ कांगड़ा पहुंचने वाले हजारों पर्यटकों को होगा। उन्होंने बताया की पर्यटक ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी अपनी बुकिंग कर सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
