खरगोन, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के खरगाेन जिले के बड़वाह के सनावद थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में नवजात सहित तीन बच्चों की कुएं में डूबने से मौत हो गई। घटना भोमवाड़ा और मलगांव के बीच स्थित एक खेत के कुएं की है। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, डेहरिया निवासी कालू सिंह पिछले 8–10 दिनों से अपने परिवार के साथ मलगांव में बलिराम भमोरिया के खेत पर मजदूरी कर रहा था। बुधवार सुबह कालू सिंह काम पर चला गया था, जबकि घर पर उसकी पत्नी नानी बाई अपने तीन बच्चों अर्जुन (करीब 4.5 वर्ष), करण (करीब 2.5 वर्ष) और 20 दिन के नवजात शिशु के साथ थी। इसी दौरान सुबह गांव में खबर फैली कि नानी बाई और उसके तीनों बच्चे खेत के कुएं में गिर गए हैं। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कुएं में रस्सी डालकर नानी बाई को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक तीनों बच्चे पानी में डूब चुके थे।
घटना की जानकारी मिलते ही पिता कालू सिंह भी मौके पर पहुंच गए। सनावद पुलिस भी सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से करीब 11 बजे तीनों बच्चों के शव कुएं से बाहर निकाले गए। इसके बाद पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए सनावद सिविल अस्पताल भिजवाया। मलगांव के सरपंच ओम पटेल के मुताबिक, भोमवाड़ा स्थित यह कुआं करीब 30 फीट गहरा है और इसमें लगभग 11 फीट पानी भरा हुआ है। कुएं में उतरने के लिए सीढ़ियां भी बनी हुई हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, अर्जुन और करण घर के बाहर खेल रहे थे। काफी देर तक दोनों बच्चे नजर नहीं आए तो मां नानी बाई उन्हें ढूंढते हुए कुएं के पास पहुंची। वहां पानी में बच्चों के शव दिखाई देने पर घबराकर वह अपने 20 दिन के नवजात को गोद में लेकर कुएं में कूद गई। ग्रामीणों ने रस्सी के सहारे उसे बाहर निकाल लिया, जिससे उसकी जान बच गई, लेकिन तीनों बच्चों को नहीं बचाया जा सका। हालांकि यह बात भी सामने आ रही है कि महिला नानी बाई ने खुद ही अपने दो वर्षीय पुत्र अर्जुन और चार वर्षीय पुत्र करण को खेत में बने कुएं में फेंक दिया। इसके बाद वह स्वयं भी नवजात शिशु को लेकर कुएं में कूद गई। नानी बाई तैरना जानती थी। उसने कुएं के अंदर मौजूद रस्सी और सीढ़ी का सहारा लेकर किसी तरह बाहर निकलने में सफलता पा ली, लेकिन तीनों मासूम बच्चों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना की सच्चाई जांच पूरी हाेने के बाद सामने आ सकेगी।
खरगोन एसपी रवींद्र वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है और पूछताछ के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। इस हृदयविदारक हादसे से गांव में मातम छा गया है और हर कोई तीन मासूमों की मौत से स्तब्ध है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
