दार्जिलिंग, 11 मार्च (हि.स.)। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और भू-राजनीतिक तनाव का असर अब भारत के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी दिखाई देने लगा है। उत्तर बंगाल के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दार्जिलिंग में होटलों को कमर्शियल एलपीजी की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है। इस संकट को देखते हुए दार्जिलिंग होटलियर्स एसोसिएशन’ ने बुधवार को जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

संगठन ने दार्जिलिंग के जिलाधिकारी मनीष मिश्रा को पत्र लिखकर बताया है कि बाजार में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की आपूर्ति लगभग खत्म होने की कगार पर है।
होटल मालिकों के अनुसार, स्थानीय एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स ने साफ कहा है कि अंतरराष्ट्रीय संकट के कारण मांग के अनुसार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराना फिलहाल संभव नहीं है।
होटल व्यवसायियों का कहना है कि अगर यह स्थिति ज्यादा दिनों तक बनी रही तो पर्यटकों को सेवाएं देना मुश्किल हो जाएगा। पहले से बुकिंग करा चुके पर्यटकों को सुविधा न दे पाने पर होटलों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। साथ ही होटल उद्योग से जुड़े हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों की आजीविका पर भी संकट मंडरा सकता है।
रेस्तरां और होटलों में खाना बनाना प्रभावित होने की आशंका से पर्यटकों के लिए भोजन की व्यवस्था भी बाधित हो सकती है। ऐसे में होटल व्यवसायियों ने जिला प्रशासन से जल्द ही एलपीजी आपूर्ति के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने की अपील की है।
एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो पर्यटकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें बुकिंग रद्द करने का फैसला लेना पड़ सकता है। जिससे पहाड़ की पर्यटन अर्थव्यवस्था को बड़ा झटका लग सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
