कठुआ, 11 मार्च (हि.स.)। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली के साइंस क्लब की ओर से कॉलेज परिसर में साइंस फाॅर पीपल एंड प्लैनेट जागरूकता और इनोवेशन विषय पर दो दिवसीय वर्कशॉप-कम-अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों में वैज्ञानिक सोच, पर्यावरण के प्रति जागरूकता और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. राज किरण और अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। साइंस क्लब के कन्वीनर डॉ. सूर्या प्रताप सिंह ने सभी रिसोर्स पर्सन, फैकल्टी और विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के समय में विज्ञान समाज और पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों के समाधान का सशक्त माध्यम है। वर्कशॉप में विभिन्न संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने व्याख्यान दिए। डॉ. सुदेश कुमार ने बर्ड डाइवर्सिटी के अध्ययन में ई-बर्ड के उपयोग पर जानकारी दी, जबकि डॉ. विकास डोगरा ने फोटोग्राफी को वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण और पर्यावरण जागरूकता के प्रभावी माध्यम के रूप में प्रस्तुत किया। वहीं डॉ. राकेश कुमार ने जेनेटिक डिसऑर्डर, उनकी समझ और प्रबंधन पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान पोस्टर मेकिंग और मोबाइल फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें करीब 30 छात्रों ने भाग लिया। पोस्टर प्रतियोगिता में निशा रानी ने पहला, अनन्या शर्मा ने दूसरा और नाजिया अख्तर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं मोबाइल फोटोग्राफी में रितेश डोबलिया प्रथम, महक ठाकुर द्वितीय और अशरफ वानी तृतीय रहे। अंत में प्रिंसिपल प्रो. राज किरण ने साइंस क्लब की पहल की सराहना करते हुए छात्रों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और पर्यावरणीय जिम्मेदारी विकसित करने पर जोर दिया। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और राष्ट्रगान के साथ हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
