नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के खजूरी खास इलाके में आठ महीने के बच्चे के अपहरण का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। खजूरी खास थाने की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया और इस मामले में एक दंपती को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि नौ मार्च को खजूरी खास थाने में एक महिला ने शिकायत दी कि वह खजूरी खास फ्लाईओवर के नीचे रहती है। महिला ने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे करीब 35 वर्ष की एक अज्ञात महिला खाने का लालच देकर उसके आठ महीने के बेटे को अपने साथ ले गई और मौके से फरार हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खजूरी खास थाने में एफआईआर नंबर 112/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के लिए खजूरी खास थाने के इंस्पेक्टर राकेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम में एसआई अभिषेक, एएसआई अमरीश, हेड कांस्टेबल अमित, हेड कांस्टेबल सौदान, कांस्टेबल उत्तम, महिला कांस्टेबल छाया और महिला कांस्टेबल मीना शामिल थे।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने विभिन्न स्रोतों से महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और तकनीकी एवं स्थानीय जानकारी के आधार पर आरोपितों तक पहुंच बनाई। इसके बाद पुलिस ने रूप नगर इलाके से करीब 30 वर्षीय महिला को पकड़ा और उसके पास से अपहृत आठ महीने के बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। पूछताछ के दौरान महिला ने अपहरण की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। महिला की निशानदेही पर उसके पति पवन (31) को भी गिरफ्तार कर लिया गया, जो इस साजिश में शामिल था। पुलिस ने बरामद बच्चे को सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया, जिससे परिवार को बड़ी राहत मिली। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
