नई दिल्ली, 11 मार्च (हि.स.)। दिल्ली में ट्रांसजेंडर समुदाय की सुरक्षा, अधिकार और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर बुधवार को विशेष पुलिस इकाई महिला एवं बाल सुरक्षा (एसपीयूडब्ल्यूएसी) में एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संयुक्त पुलिस आयुक्त एवं ट्रांसजेंडर प्रोटेक्शन सेल के नोडल अधिकारी नबाम गुंगटे ने की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त डी.के.एस. सिंह, एसपीयूडब्ल्यूएसी पुलिस उपायुक्त अंजिथा चेप्याला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा ट्रांसजेंडर समुदाय के कल्याण के लिए काम करने वाले कई एनजीओ—नजरिया फाउंडेशन, हमसफर ट्रस्ट, एलायंस इंडिया और ट्वीट फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि बैठक के दौरान दिल्ली में रह रहे ट्रांसजेंडर समुदाय की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। एनजीओ प्रतिनिधियों ने बताया कि ट्रांसजेंडर समुदाय को पहचान पत्र बनवाने, बैंक खाते खोलने, सरकारी दफ्तरों में भेदभाव और शिक्षा से जुड़ी कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रतिनिधियों ने इस बात पर जोर दिया कि ट्रांसजेंडर समुदाय के विकास के लिए शिक्षा की सुविधा और शैक्षणिक संस्थानों व कार्यस्थलों पर सुरक्षित माहौल बेहद जरूरी है। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि ट्रांसजेंडर समुदाय की शिकायतों के समाधान के लिए पुलिस की ओर से जो भी जरूरी कदम होंगे, उन्हें उठाया जाएगा। साथ ही आने वाले समय में दिल्ली के पुलिस थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को ट्रांसजेंडर समुदाय के अधिकारों के प्रति संवेदनशील बनाने के लिए विशेष ब्रीफिंग और प्रशिक्षण दिया जाएगा। बैठक में शामिल एनजीओ प्रतिनिधियों ने ट्रांसजेंडर समुदाय की समस्याओं को सुनने और समाधान की दिशा में पहल करने के लिए दिल्ली पुलिस की सराहना करते हुए आभार भी जताया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
