ईरान-अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का अब गैस आपूर्ति

पर भी पड़ना शुरू
हांसी, 11 मार्च (हि.स.)। ईरान और अमेरिका के
बीच बढ़ते तनाव का असर अब हांसी में गैस आपूर्ति पर भी दिखने लगा है। संभावित गैस संकट
की आशंका के चलते उपभोक्ता घरेलू गैस सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर उमड़ पड़े
हैं।
इसी के चलते बुधवार को शहर की गैस एजेंसियों
पर भारी भीड़ उमड़ी। हांसी शहर में कुल चार गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनमें दो भारत
गैस, एक एचपी और एक इंडेन गैस एजेंसी शामिल हैं। इन सभी एजेंसियों पर सुबह से ही उपभोक्ताओं
की लंबी कतारें देखी गईं। कई उपभोक्ता मोटरसाइकिल पर दो सिलेंडर लेकर पहुंचे, हालांकि
एजेंसी कर्मचारियों द्वारा प्रति उपभोक्ता एक ही सिलेंडर जारी किया जा रहा है।
15 दिन बाद दोबारा करवा सकते थे बुकिंग
गैस एजेंसी कर्मचारियों ने बताया कि पहले उपभोक्ता
15 दिन बाद दोबारा गैस बुक करवा सकते थे। इस अवधि को बाद में बढ़ाकर 21 दिन किया गया
और अब 25 दिन के बाद ही सिलेंडर दोबारा बुक करवाया जा सकता है। इसके बावजूद भविष्य
की अनिश्चितता के कारण लोग समय से पहले ही गैस लेने पहुंच रहे हैं। इस बीच, व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस सिलेंडरों
की आपूर्ति पिछले लगभग एक सप्ताह से बाधित है। इससे शहर के रेस्टोरेंट और होटल संचालकों
को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई होटल और ढाबा संचालक अब गैस के बजाय लकड़ी
के चूल्हों का उपयोग करने या घरेलू सिलेंडरों का सहारा लेने को विवश हैं।
गैस एजेंसी कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि
घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है। युद्ध
के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित होने संबंधी खबरों के कारण उपभोक्ताओं में चिंता बढ़
गई है। कई ऐसे लोग भी सिलेंडर लेने पहुंच रहे हैं, जिन्होंने अपना अंतिम सिलेंडर कई
महीने पहले बुक करवाया था। एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि घरेलू गैस की सप्लाई सामान्य
है, इसलिए लोगों को अफवाहों पर ध्यान देने की बजाय जरूरत के अनुसार ही गैस लेनी चाहिए। इस दौरान गैस एजेंसियों पर बुकिंग के साथ उपभोक्ताओं
की केवाईसी भी अपडेट की जा रही है। कर्मचारियों के अनुसार भीड़ इतनी अधिक हो गई है
कि कॉलोनियों और गांवों में होम डिलीवरी के लिए जाने वाले वाहन भी समय पर नहीं निकल
पा रहे हैं। अधिकांश लोग सीधे एजेंसी के गोदाम पर पहुंचकर वहीं से सिलेंडर लेकर जा
रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर
