
शिवपुरी, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं शिवपुरी जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार देर रात प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जिला चिकित्सालय शिवपुरी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके साथ आए परिजनों (अटेंडरों) से चर्चा कर उपचार व्यवस्था, दवाओं की उपलब्धता और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर के विभिन्न वार्डों का अवलोकन करते हुए व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की।
प्रभारी मंत्री तोमर ने निरीक्षण के दौरान जहां भी व्यवस्थागत कमियां पाईं, उन्हें शीघ्र दूर करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि अस्पतालों का नियमित निरीक्षण और आमजन से सीधा संवाद स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने में सहायक होता है। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा अस्पताल की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित होती रहें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / युगल किशोर शर्मा
