जयपुर, 11 मार्च (हि.स.)। स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप राजस्थान (एसओजी) ने प्रतियोगी परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डमी कैंडिडेट के माध्यम से परीक्षा दिलाने और स्मार्ट डिवाइस के जरिए प्रश्नपत्र हल करवाने में सहयोग करने का आरोप है।

एसओजी के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा 21 मई 2023 को आयोजित सहायक अभियंता सिविल (स्वायत्त शासन विभाग) प्रतियोगी परीक्षा–2022 की जांच के दौरान सामने आया कि मूल अभ्यर्थी इंदराज सिंह की जगह किसी अन्य व्यक्ति ने डमी कैंडिडेट के रूप में परीक्षा दी थी। प्रवेश पत्र में छेड़छाड़ कर दूसरे व्यक्ति की फोटो लगाकर षड्यंत्रपूर्वक परीक्षा दिलाई गई थी।
इस संबंध में एसओजी थाना जयपुर में प्रकरण दर्ज कर भारतीय दंड संहिता की धाराओं 419, 420, 467, 468, 471, 120बी तथा राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (भर्ती में अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में पहले मूल अभ्यर्थी इंदराज सिंह, सहयोगी आरोपी परमेश्वर लाल और सलमान खान को गिरफ्तार कर चालान पेश किया जा चुका है।
वहीं डमी परीक्षार्थी गुरदीप दास निवासी हिसार (हरियाणा) को 27 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया था। पूछताछ में उसके सहयोगी अजीत कुमार (36) निवासी टोकस, जिला हिसार (हरियाणा) का नाम सामने आया, जिसे एसओजी ने गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि गुरदीप दास परीक्षा केंद्र में विशेष स्मार्ट डिवाइस लेकर प्रवेश करता था और प्रश्नपत्र की फोटो लेकर बाहर भेज देता था। बाहर मौजूद अजीत कुमार इंटरनेट और अन्य विशेषज्ञों की मदद से प्रश्न हल कर वापस भेजता था, जिससे डमी परीक्षार्थी परीक्षा में सफल हो जाता था।
एसओजी के अनुसार आरोपी उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, झारखंड, पंजाब, त्रिपुरा और दिल्ली सहित कई राज्यों में आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में स्मार्ट वॉच और ब्लूटूथ डिवाइस का उपयोग कर डमी कैंडिडेट के रूप में नकल कर चुके हैं। मामले की जांच एसओजी के उपमहानिरीक्षक परिस देशमुख के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय सिंह द्वारा की जा रही है।
इस प्रकरण में अब तक कुल पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जिनमें एक मूल अभ्यर्थी, एक डमी परीक्षार्थी, दो मध्यस्थ और एक सहयोगी शामिल है। एसओजी गिरोह के अन्य सदस्यों और उपयोग में लाई गई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस के संबंध में भी जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
