– राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने ग्राम प्रधानों को किया सम्मानित

चित्रकूट, 11 मार्च (हि.स.)। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भारत सरकार की ओर से जल महोत्सव के अंतर्गत बुधवार को विज्ञान भवन, नई दिल्ली में एक राष्ट्रीय स्तरीय मेगा इवेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं ग्राम पंचायतों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के जनपद चित्रकूट की मनकुंवार ग्राम पंचायत की ग्राम प्रधान रचना देवी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कर कमलों से उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह एवं अनुकरणीय वित्तीय स्थिरता श्रेणी में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
इसी प्रकार जनपद के छिवलहा ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान देवस्वरूप को जल शक्ति मंत्री, भारत सरकार के कर कमलों से उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह एवं अनुकरणीय वित्तीय स्थिरता श्रेणी में उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया।
ग्राम पंचायत मनकुंवार एवं छिवलहा में कुल 340 गृह जल संयोजन तथा 422 में गृह जल संयोजन के माध्यम से मऊ ग्राम समूह पेयजल योजना के अंतर्गत जलापूर्ति व्यवस्था के सुचारू संचालन एवं रखरखाव को सुनिश्चित करने के लिए ग्राम पंचायत, ग्राम जल एवं स्वच्छता समिति तथा जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन के समन्वित प्रयासों से उपयोगकर्ता शुल्क संग्रह की प्रभावी व्यवस्था विकसित की गई है।
ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति के सक्रिय सहयोग तथा ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में नियमित निगरानी एवं समीक्षा की व्यवस्था की गई। इस पूरी प्रक्रिया में प्रमुख सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, प्रबंध निदेशक जल निगम ग्रामीण, अधिशासी निदेशक, राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन लखनऊ एवं जिलाधिकारी के मार्गदर्शन तथा राज्य पेयजल एवं स्वच्छता मिशन, लखनऊ के निर्देशन एवं सहयोग से समय पर प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन एवं अनुश्रवण प्रदान किया गया, जिससे इस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सका।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल
