हमीरपुर, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कुनेहटा की गौशाला में गोवंश के जगह-जगह पड़े कंकाल और गोवंश के लिए भूसा और हरा चारा नहीं होने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद बुधवार को ग्राम प्रधान और केयर टेकरों पर आरोप लगाते हुए सचिव ने मुकदमा दर्ज कराया है।

मौदहा विकास खण्ड के ग्राम पंचायत कुनेहटा की गौशाला से विचलित कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ था जिसमे जगह-जगह पर गोवंश के कंकाल पडे दिखाई दे रहे थे जबकि दूसरे वीडियो में ग्राम प्रधान रामराज और ग्रामीणों में तीखी झडप दिखाई दे रही थी। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए सचिव राजू सिंह गौशाला में जांच के लिए पहुंचे थे, सचिव ने बिंवार थाने में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि, जब वह गौशाला पहुंचे और गोवंश के लिए पर्याप्त हरा चारा नहीं होने की बात कही तो ग्राम प्रधान रामराज और केयर टेकर मनोज और रमेश ने उनके साथ अभद्रता करते हुए दोबारा जांच के लिए गौशाला नहीं आने की धमकी दी। सचिव की तहरीर पर पुलिस ने तीनों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि सचिव की तहरीर पर सरपंच और दो केयरटेकरों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। जांच कराई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
