हमीरपुर, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मौदहा नगर के वार्ड एक तकिया में नगर पालिका के ठेकेदार द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्य में कथित अनियमितताओं को लेकर मोहल्ले के लोग भड़क उठे। बुधवार को आक्रोशित लोगों ने निर्माण कार्य रुकवाकर मजदूरों को भगा दिया। सूचना पर पहुंचे अवर अभियंता ने ठेकेदार को कड़ी चेतावनी दे नियमानुसार निर्माण कराने के निर्देश दिए।

कार्यदायी संस्था नगर पालिका परिषद द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय योजना के अंतर्गत तकिया मोहल्ले में लाला यादव के घर के सामने से मस्जिद तक करीब 150 मीटर लंबी व तीन मीटर चौड़ी सीसी सड़क नाली निर्माण का टेंडर स्वीकृत किया गया है। इसकी अनुमानित लागत करीब 14,35 लाख रुपये बताई जा रही है। मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि ठेकेदार निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग कर रहा था। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर दर्ज कराई थी, आरोप है कि अधिकारियों ने समय रहते निरीक्षण नहीं किया। जिससे ठेकेदार के हौसले बुलंद हो गए। बताया जाता है कि ठेकेदार दोबारा निर्माण स्थल पर पहुंचा और बिना पीसीसी व नाली निर्माण कराए सीधे सीसी सड़क का निर्माण शुरू करा दिया। यह देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। मजदूरों व स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते मौके पर एक दर्जन से अधिक लोग एकत्र हो गए और लोगों ने मजदूरों को काम बंद कराकर वहां से भगा दिया। अवर अभियंता आदित्य कुमार ने बताया कि स्थिति का जायजा लेने के बाद ठेकेदार को गुणवत्ता में सुधार कर मानक अनुरूप निर्माण कराने के निर्देश दिए। कहा निर्माण कार्य में अनियमितता पाई गई तो ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
