कानपुर, 11 मार्च (हि.स.)। गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी और शहर में गैस सिलेंडरों की किल्लत ने आम जनता के साथ-साथ छोटे व्यापारियों की परेशानियां बढ़ा दी हैं। त्योहारों और शादी-विवाह के इस मौसम में लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है, जिससे घरों के कामकाज और कारोबार दोनों प्रभावित हो रहे हैं। यह बातें बुधवार को कानपुर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहीं।

एलपीजी सिलेंडर के बढ़ते दाम और शहर में गैस की किल्लत को लेकर बुधवार को कानपुर महानगर कांग्रेस ने मेस्टन रोड पर विरोध प्रदर्शन किया। अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हलवाई दुकानदारों के बीच खाली सिलेंडर और बंद पड़े चूल्हे लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान खराब हो रहे कच्चे खाद्य पदार्थों को दिखाकर व्यापारियों की समस्या भी उजागर की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए गैस आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई।
पवन गुप्ता ने कहा कि सहालग, रमजान और होली जैसे त्योहारों के समय गैस सिलेंडरों की कमी से आम जनता के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा संचालक, कैटरिंग व्यवसाय से जुड़े लोग और छोटे व्यापारी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। कई स्थानों पर समय से सिलेंडर उपलब्ध नहीं हो रहे, जिससे लोगों के दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और व्यापार पर भी असर पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं और किल्लत के कारण काला बाजारी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस आपूर्ति सामान्य नहीं हुई तो कानपुर महानगर कांग्रेस सड़क पर उतरकर व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने सरकार से तत्काल प्रभाव से गैस सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
