रांची, 11 मार्च (हि.स.)। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) मुख्यालय, रांची में बुधवार को राजभाषा कार्यान्वयन समिति की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने की। इस अवसर पर उन्होंने विभागाध्यक्षों से कहा कि राजभाषा नीति के अनुपालन और पत्राचार, टिप्पणियों तथा ई-ऑफिस कार्यों में हिंदी के अधिकतम प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि राजभाषा हिंदी का प्रभावी क्रियान्वयन संगठन की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाता है। साथ ही हितधारकों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बैठक के दौरान विगत तिमाही में राजभाषा के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए आईईडी विभाग, मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग, बरका-सयाल क्षेत्र, कल्याण विभाग, सामान्य प्रशासन, नगर प्रशासन तथा श्रमशक्ति विभाग को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार ने सभी सदस्यों का स्वागत किया। इसके बाद उप-प्रबंधक (राजभाषा) दिविक दिवेश ने संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक का समापन राजभाषा के प्रभावी क्रियान्वयन को और मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ। बैठक में महाप्रबंधक (राजभाषा) अशोक कुमार, विभिन्न विभागों के प्रमुख, महाप्रबंधक, राजभाषा नोडल अधिकारी तथा सीसीएल के विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रतिनिधि मौजूद थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
