राजगढ़, 11 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में मलावर थाना क्षेत्र के ग्राम बारवां में बुधवार सुबह जमीन को लेकर चल रहे विवाद पर दो पक्ष आपस में भिड़ गए, विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष ने एक-दूसरे के साथ लाठी-फर्सी से मारपीट की, जिसमें एक महिला सहित दो लोग घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार ग्राम बारवां निवासी 23 वर्षीय पिंकीबाई पत्नी रामस्वरुप वर्मा ने बताया कि जमीन को लेकर चल रहे विवाद पर गांव का सतीश गालियां देने लगा, विरोध करने पर उसने लाठी-फर्सी से मारपीट की, जिससे महिला को गंभीर चोटें लगी। वहीं सतीश (25)पुत्र मांगीलाल वर्मा ने आरोप लगाया कि इसी बात को लेकर राजाराम पुत्र देवचंद, रामबगस पुत्र दयाराम और रामकैलाश पुत्र नारायण वर्मा ने गालियां देते हुए लाठी-फर्सी से मारपीट की, जिससे सतीश को गंभीर चोटें लगी। पुलिस ने दोनों पक्ष के चार लोगों के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(3) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
