पूर्व मेदिनीपुर, 12 मार्च (हि.स.)।

पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पूर्व मंत्री एवं तमलुक के विधायक सौमेन महापात्र की सुरक्षा कम किए जाने को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। प्रशासन द्वारा उनकी सुरक्षा व्यवस्था में कटौती किए जाने से राजनीतिक हलकों में कई तरह की अटकलें शुरू हो गई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पांशकुड़ा स्थित विधायक के आवास से सुरक्षा में तैनात छह पुलिसकर्मियों को वापस बुला लिया गया है। इसके अलावा विधायक के निजी सुरक्षा अधिकारी को भी हटा दिया गया है। इस संबंध में बुधवार शाम विधायक ने स्वयं जानकारी दी है। फिलहाल उनकी सुरक्षा में कोलकाता पुलिस के दो तथा पश्चिम मेदिनीपुर जिला पुलिस का एक कर्मी तैनात है।
तमलुक के विधायक होने के साथ-साथ सौमेन महापात्र विधानसभा की लोकल फंड स्टैंडिंग कमेटी के अध्यक्ष भी हैं। मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भी अब तक उन्हें ‘पायलट कार’ सहित उच्चस्तरीय सुरक्षा मिलती रही थी। ऐसे में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले उनकी सुरक्षा में अचानक कटौती को राजनीतिक विश्लेषक काफी महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
इस मामले में पूछे जाने पर सौमेन महापात्र ने कहा कि उनकी सुरक्षा क्यों कम की गई, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि इस विषय में उन्होंने पार्टी को अवगत करा दिया है और 12 मार्च (गुरुवार) को वह मीडिया के सामने विस्तार से अपनी बात रखेंगे।
इस घटनाक्रम के बाद तमलुक और आसपास के क्षेत्रों में सत्तारूढ़ दल के अंदरूनी समीकरणों को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
