सुपौल, 12 मार्च (हि.स.)। जिले में नशा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भपटियाही थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की है। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को वाहन जांच के दौरान कोशी पुल के पास एनएच-27 पर एक चार चक्का पिकअप वाहन से कुल 5120 बोतल (512 लीटर) कोरेक्स सिरप बरामद किया गया। इस दौरान पुलिस ने एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, बरामद कफ सिरप को पिकअप वाहन से ले जाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान वाहन को जब्त कर लिया गया और आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। इस मामले में भपटियाही थाना में कांड दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही बरामद कोरेक्स सिरप के बैकवर्ड और फॉरवर्ड का पता लगाया जा रहा है, ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
बरामद सामान:
कोरेक्स सिरप – 5120 बोतल (कुल 512 लीटर), चार चक्का पिकअप वाहन – 01
गिरफ्तार आरोपी का नाम मनोरंजन राय, पिता – आनंद राय, निवासी – राजगंजपुर दलितपुर वार्ड संख्या 15, थाना राजापाकर, जिला वैशाली।पुलिस ने बताया कि जिले में नशा के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
