आसनसोल, 12 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी 2026 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा से पहले कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

पश्चिम बर्दवान जिले के आसनसोल में भी इस रैली को लेकर गुरुवार को अलग माहौल देखने को मिल रहा है। समाजसेवी और भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद की पहल पर यहां एक भव्य महायज्ञ का आयोजन किया गया है। इस महायज्ञ के माध्यम से पश्चिम बंगाल में बदलाव की कामना की जा रही है और कोलकाता में होने वाली ब्रिगेड सभा की सफलता के लिए प्रार्थना की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक, ब्रिगेड मैदान में होने वाली यह रैली राजनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस मंच से पश्चिम बंगाल में बदलाव का संदेश देने की कोशिश की जाएगी। साथ ही इस सभा के दौरान कई प्रमुख राजनीतिक हस्तियों के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने की भी चर्चा है। रैली को सफल बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक पूरी ताकत से तैयारियों में जुटे हुए हैं।
भाजपा नेता कृष्णा प्रसाद ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मौके पर यह महायज्ञ आयोजित किया गया है। साथ ही पश्चिम बंगाल में तृणमूल के कथित अत्याचारों के अंत और आने वाले विधानसभा चुनाव में नए बदलाव के लिए भी प्रार्थना की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
