गुना, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के गुना जिले के रूठियाई इलाके में गुरुवार दोपहर एक कमरे से पति-पत्नी के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार दोनों के शव करीब 3–4 दिन पुराने प्रतीत हो रहे हैं और मामले की जांच की जा रही है।

धरनावदा थाना के थाना प्रभारी प्रभात कटारे ने बताया कि मृतक युवक की पहचान सूरज सहरिया (24 वर्ष) निवासी बजरंगगढ़ की बीस भुजा कॉलोनी के रूप में हुई है, जबकि मृतका का नाम आरती है। आरती की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले से बजरंगगढ़ थाने में दर्ज थी। दोनों रूठियाई क्षेत्र में ईंट भट्टों के पास बने एक कमरे में रह रहे थे। मृतक सूरज का भाई पास ही दूसरे ईंट भट्टे पर काम करता है। पिछले दो दिनों से दोनों दिखाई नहीं देने पर उसे चिंता हुई। बुधवार रात उसने कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला जिसके बाद वहां से चला गया। गुरुवार सुबह वह फिर वहां पहुंचा। इस बार भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसे संदेह हुआ और उसने दरवाजा ताेड़कर अंदर पहुंचा।अंदर का नजारा देख कर वह सन्न रह गया। युवती का शव जमीन पर पड़ा था, जबकि युवक का शव फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
छह महीने पहले की थी शादी
परिवार के अनुसार शुरुआत में यह कहा जा रहा था कि दोनों साथ में लिवइन में रह रहे थे, लेकिन सूरज के बड़े भाई विनोद ने बताया कि करीब छह महीने पहले दोनों ने शादी कर ली थी। सूरज ने परिवार को इसकी जानकारी दी थी और शादी की तस्वीरें भी दिखाईं थीं। परिजनों के मुताबिक विनोद की अपने भाई से शनिवार को आखिरी बार बातचीत हुई थी। सूरज ईंट भट्टे पर मिट्टी निकालने का काम करता था, जबकि उसकी पत्नी वहीं पास में बैठकर पानी आदि का काम संभालती थी। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। डॉक्टरों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम किया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।
————–
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
