घरेलू कलह से तंग आकर महिला ने उठाया खौफनाक कदम

हमीरपुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में मुस्करा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है । मासूम बच्चे के साथ विवाहिता गांव के तालाब में कूद गई । जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची डायल 112 पुलिस ने रेस्क्यू कर विवाहिता और मासूम को तालाब से निकाला। पुलिस की मदद से मासूम बच्ची और उसकी मां को इलाज के लिए सीएचसी लाया गया जहां मौजूद डॉक्टर ने मासूम बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
मुस्करा थाना क्षेत्र के हुसैना गांव में मारपीट से क्षुब्ध होकर गुरुवार को विवाहिता शोभा यादव अपनी मासूम 2 वर्षीय बच्ची को लेकर गांव के ही तालाब में कूद गई जिसकी जानकारी ग्रामीणों को मिली तो भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हो गए और कड़ी मशक्कत कर विवाहिता को तालाब से बाहर निकाला गया और इलाज के लिए विवाहिता सहित मासूम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया और विवाहिता का प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल रेफर कर गया वहीं विवाहिता ने ससुरालियाें पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने बताया कि शादी के बाद से ही लगातार उसका पति और ससुराली जन उसे शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना दे रहे हैं। मारपीट से क्षुब्ध होकर ही उसने बच्ची के साथ घटना को अंजाम दिया। मुस्करा थाना प्रभारी योगेश तिवारी ने बताया कि बच्ची के शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच कराई जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
