धर्मशाला, 12 मार्च (हि.स.)। आयुष, युवा सेवाएं तथा खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि पलम क्षेत्र के लिए निर्माणाधीन 32 करोड़ की पेयजल योजना से सरकार पंचरुखी क्षेत्र के लोगों को पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस योजना का पानी बंडू भरवाना क्षेत्र के लोगों तक पहुंचाया जाएगा। आयुष, युवा सेवाएं तथा खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने यह बात वीरवार को आयोजित आयुष मेले में बतौर मुख्यातिथि कही। उन्होंने कहा कि इससे पूर्व पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए स्थानीय लोगों को पालमपुर क्षेत्र की योजनाओं पर निर्भर रहना पड़ता था लेकिन अब क्षेत्र को जल्द अपनी पेयजल योजना मिलने जा रही है। इसके अलावा पंचरुखी में अस्पताल भवन भी जुलाई माह तक तैयार करने की बात मंत्री ने कही। इस कार्य के लिए हाल ही में उन्होंने 2 करोड़ रुपए मंजूर करवाए हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय सड़क के चौड़ीकरण के लिए 5 करोड़ रुपए नाबार्ड से स्वीकृत हुए हैं। जल्द इस पर भी कार्य शुरु होगा।

गोमा ने कहा कि प्रदेश सरकार आयुष पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी पारंपरिक पद्धतियां न केवल रोगों के उपचार में सहायक हैं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी लोगों को प्रेरित करती हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश भर में इस तरह के मेले आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे लोगों को अपने नजदीकी क्षेत्रों में ही स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा मिल रही है। इन मेलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जा रहा है तथा आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों के बारे में विस्तृत जानकारी भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को प्राकृतिक और संतुलित जीवनशैली अपनाकर अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
मेले के दौरान लोगों को औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया। मंत्री यादविंद्र गोमा ने स्वयं भी लोगों को औषधीय पौधे वितरित किए और उन्हें आयुर्वेदिक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
