हुगली, 12 मार्च (हि. स.)। जिले में भाजपा के एक कार्यकर्ता पर पार्टी के जिलाध्यक्ष के लगभग 20 लाख रुपये लेकर फरार होने का आरोप लगा है। मामले को लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है और सोशल मीडिया पर आरोपित की तस्वीर साझा कर लोगों से उसे ढूंढने में मदद की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, हुगली जिला भाजपा अध्यक्ष गौतम चटर्जी का विद्युत उपकरणों का कारोबार है। उनके यहां 2024 से भाजपा कार्यकर्ता शिवशंकर कर्मकार काम कर रहा था। चटर्जी का आरोप है कि पार्टी के कामकाज में व्यस्त रहने के कारण वह अपने व्यवसाय पर हमेशा नजर नहीं रख पाते थे और दुकान की जिम्मेदारी शिवशंकर सहित कुछ अन्य कर्मचारियों के पास थी।
आरोप है कि पिछले कुछ महीनों से शिवशंकर दुकान से बिजली के सामान लेकर अन्य दुकानों में सप्लाई कर रहा था, लेकिन उसका पैसा जमा नहीं कर रहा था। इस तरह करीब 20 लाख रुपये का बकाया होने के बाद वह फरार हो गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने गुरुवार को बताया कि शिवशंकर पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रहता था और एक बार बूथ अध्यक्ष भी रह चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह उनके नाम का इस्तेमाल कर कई लोगों को ठगने की भी कोशिश कर चुका है। उन्होंने कहा कि आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
इधर, इस मामले को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। चूचुड़ा नगर पालिका के वार्ड नंबर आठ के तृणमूल पार्षद निर्मल चक्रवर्ती ने कहा कि भाजपा “चोर और ठगों की पार्टी” है और जिलाध्यक्ष का ही कार्यकर्ता 20 लाख रुपये लेकर फरार हो गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
