वाराणसी,12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में नगर निगम प्रशासन वासंतिक चैत्र नवरात्र की तैयारियों में जुट गया है। नगर के प्रसिद्ध देवी मंदिरों में आधी रात के बाद से उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ की सुविधा को लेकर गुरूवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्मार्ट सिटी सभागार में अफसरों के साथ बैठक किया। बैठक में उन्होंने नगर क्षेत्र में मार्ग प्रकाश व्यवस्था को बेहतर एवं सुचारु बनाए रखने के दिशा निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि शहर के सभी वार्डों में स्थापित स्ट्रीट लाइटों का तत्काल सर्वे कर खराब एवं बंद पड़ी लाइटों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाए, ताकि त्योहारों के दौरान शहरवासियों को पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध हो सके और आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जिन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था अपर्याप्त है, वहां आवश्यकतानुसार अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएं तथा संवेदनशील एवं प्रमुख मार्गों पर विशेष निगरानी रखी जाए।
नगर आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को निर्देश दिया कि सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण किए जाएं तथा प्रत्येक वार्ड की प्रकाश व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग की जाए, जिससे त्योहारों के दौरान शहर में बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित हो सकें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता, सहायक अभियंता तथा नगर निगम के सभी अवर अभियंता (विद्युत) मौजूद रहे।————-
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी
