रामगढ़, 12 मार्च (हि.स.)। भारत की जनगणना को लेकर जिला प्रशासन की ओर से जिला चार्ज अधिकारियों और तकनीकी सहायकों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

यह प्रशिक्षण 10 से 12 मार्च तक उप विकास आयुक्त (डीडीसी) के सभा कक्ष में डीडीसी आशीष अग्रवाल और एसपी कुमारी गीतांजलि की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जनगणना से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं, डाटा संकलन की विधि, तकनीकी उपकरणों के उपयोग और कार्यों के सुचारू संचालन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना कार्य की महत्ता बताते हुए इसे पूरी जिम्मेदारी और सटीकता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ने जनगणना कार्य के विभिन्न चरणों, ऑनलाइन डेटा एंट्री, तकनीकी समस्याओं के समाधान और मैदानी स्तर पर होने वाले कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही प्रतिभागियों के प्रश्नों का समाधान भी किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए चार्ज अधिकारी और तकनीकी सहायक उपस्थित थे। अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशिक्षण से प्राप्त जानकारी के आधार पर जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
