कानपुर, 12 मार्च (हि.स.)। प्रबंधन की पढ़ाई केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह जीवन और कार्यक्षेत्र में बेहतर निर्णय लेने की क्षमता विकसित करती है। एक अच्छे प्रबंधक की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता समय प्रबंधन है। यह बातें गुरुवार को छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में आयोजित व्याख्यान माला में पूर्व छात्र अंकित श्रीवास्तव ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहीं।

विश्वविद्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों ने छात्रों के साथ अपने अनुभव साझा किए। अंकित श्रीवास्तव (एमबीए बैच 2004–2006) ने कहा कि यदि व्यक्ति अपने समय का सही ढंग से प्रबंधन करना सीख ले तो वह किसी भी कार्य को प्रभावी ढंग से और समय पर पूरा कर सकता है।
इस अवसर पर प्रथम बैच के एलुमनाई प्रो. सुनील शुक्ला (एमबीए बैच 1991–1993) ने कहा कि एक सफल प्रबंधक वही होता है जो अपनी टीम को साथ लेकर चले, उन्हें प्रेरित करे और सभी को मिलकर लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित करे। वहीं उद्योगपति अंकित निगम (एमबीए बैच 2009–2011) ने संचार कौशल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्पष्ट और प्रभावी संवाद क्षमता कार्यस्थल पर सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
देवेन्द्र प्रताप सिंह, महानगर मजिस्ट्रेट (सीडब्ल्यूसी बेंच) कानपुर नगर ने कहा कि प्रबंधन के क्षेत्र में समस्या-समाधान की क्षमता भी अत्यंत आवश्यक है। कठिन परिस्थितियों में शांत रहकर सही निर्णय लेना ही एक सफल प्रबंधक की पहचान है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
