जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा शुरू की गई ई-सुनवाई व्यवस्था आमजन के लिए राहत का माध्यम बन रही है। इस पहल के तहत नागरिक अब घर बैठे ही अपनी समस्याओं की सुनवाई करवा पा रहे हैं और उन्हें समयबद्ध समाधान भी मिल रहा है। पिछले दो महीनों में जेडीए ने कुल 773 प्रकरणों में ई-सुनवाई आयोजित की, जिनमें विभिन्न मामलों पर अधिकारियों ने आवेदकों से सीधे संवाद कर त्वरित निर्णय लिए। इस व्यवस्था से लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली है, वहीं प्रशासनिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ी है।

जेडीए आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने बताया कि झाबर सिंह खर्रा के निर्देशन में जेडीए सुशासन, पारदर्शिता और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी सोच के तहत ई-सुनवाई व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे नागरिकों की समस्याओं का समाधान सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से हो सके। उन्होंने बताया कि ई-सुनवाई में प्रकरणों की सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित अधिकारियों और आवेदकों के बीच सीधे की जाती है। इससे मामलों का त्वरित निस्तारण संभव हो रहा है और निर्णय प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी बनी है। भविष्य में भी डिजिटल माध्यमों का अधिकतम उपयोग करते हुए जनसेवाओं को और अधिक सरल व प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि आमजन को बेहतर और जवाबदेह प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
