देहरादून, 12 मार्च (हि.स.)। कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि लगभग छह सात वर्षों तक पूरे देहरादून महानगर को खोद डाला गया और लगभग बाईस तरह से शहर को स्मार्ट बनाने की लंबी चौड़ी जुमलेबाजी की गई, लेकिन सैकड़ों करोड़ रुपये खर्च करने के बाद जब इस योजना के पूर्ण होने की घोषणा की गई तो स्मार्ट कि जगह शहर और बदतर हाल में हो गया और तभी हमने इस पूरी स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के कार्यों की गुणवत्ता और घोटाले की बात कही थी, जिस पर अब सीएजी रिपोर्ट ने भी मोहर लगा दी है।

कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना गुरुवार काे यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। दरअसल, स्मार्ट सिटी मिशन के तहत २०१७ में तीसरे फेस में देहरादून को स्मार्ट सिटी बनाने की योजना केंद्र सरकार ने स्वीकृत की थी, जिसे वर्ष २०२३ तक पूरा किया जाना था किंतु समय पर कार्य ना होने से इसके समय में विस्तार दिया जाता रहा। २०२५ में आधे अधूरे निम्न स्तरीय कार्य के बावजूद इसके पूर्ण होने की घोषणा तत्कालीन सीईओ ने कर दी। इस पर कांग्रेस ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस नेता धस्माना ने कहा कि इस योजना के तहत कार्य आवंटन में अनियमितताएं, कार्यों की गुणवत्ता व कार्यों को आधा अधूरा छोड़ना जैसे मामले प्रकाश में आने के बावजूद कोई जांच व कोई कार्यवाही कार्यदाई संस्थाओं के खिलाफ नहीं हुई, क्योंकि इस घोटाले को पूरी तरह से राज्य सरकार के संरक्षण में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के अधिकारियों ने इस प्रोजेक्ट के अध्यक्ष की देखरेख में किया।
धस्माना ने कहा कि इस योजना के तहत भूमिगत विद्युतीकरण के कार्य, ट्रैफिक सिस्टम, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, स्कूलों व महाविद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे व वाईफाई , स्मार्ट बोर्ड, स्मार्ट शौचालय आदि कार्यों पर सैकड़ों करोड़ खर्च किए गए लेकिन कार्य या तो हुए नहीं या केवल दिखावे के लिए निम्न स्तर के कार्य हुए। धस्माना ने कहा कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के क्रियान्वयन के समय अनेक बार कांग्रेस द्वारा यह मुद्दे उठाए गए किंतु सरकार गूंगी बहरी बनी रही और घोटाले होते रहे। श्री धस्माना ने कहा कि अगर इस पूरे प्रोजेक्ट की उच्च स्तरीय जांच सीबीआई से करवाई जाए तो भाजपा सरकार का यह सबसे बड़ा घोटाला साबित होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ विनोद पोखरियाल
