भोपाल, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में आज गुरूवार काे विश्व संवाद केंद्र, मध्य प्रदेश और सतपुड़ा चलचित्र समिति के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शताब्दी वर्ष की यात्रा पर आधारित फिल्म “शतक” की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम डीडीएक्स सिनेमा, कोलार में हुआ, जिसमें लगभग सौ से अधिक श्रोता शामिल हुए।

फिल्म में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पिछले सौ वर्षों की वैचारिक और संगठनात्मक यात्रा को प्रस्तुत किया गया है। इसमें संघ के कार्य विस्तार, समाज में योगदान और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित व्यक्तित्वों के निर्माण पर प्रकाश डाला गया है।
विशेषज्ञ और श्रोता अनुभव
कार्यक्रम में पत्रकार, शोधार्थी, समाजसेवी, शिक्षाविद् और पत्रकारिता के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कई श्रोता अपने परिवार के साथ फिल्म देखने आए। फिल्म के बाद अपने विचार साझा करते हुए श्रोताओं ने कहा कि “शतक” केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन की यात्रा का दस्तावेज है।
उन्होंने यह भी कहा कि संघ ने समाज के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कार्यकर्ताओं को तैयार किया है जो निस्वार्थ भाव से राष्ट्र और समाज के लिए कार्यरत हैं। कुछ श्रोताओं ने इसे व्यापक विचारधारा के रूप में देखा, जो समाज के विविध पहलुओं पर प्रभाव डालती है।
युवाओं के लिए प्रेरक अनुभव
युवाओं और विद्यार्थियों ने फिल्म को प्रेरक बताते हुए कहा कि वर्तमान ‘जेन-जी’ पीढ़ी के लिए इस प्रकार की फिल्मों को देखना आवश्यक है। इससे उन्हें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को समझने और उसके योगदान को जानने का अवसर मिलता है। श्रोताओं ने यह भी माना कि फिल्म देखने का उद्देश्य संघ से जुड़ना नहीं, बल्कि उसकी विचारधारा और समाज में भूमिका को समझना होना चाहिए। कार्यक्रम का समापन उपस्थित सभी श्रोताओं के प्रति आभार ज्ञापन और फिल्म की वैचारिक यात्रा की सराहना के साथ हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
