रांची, 12 मार्च (हि.स.)। विधानसभा बजट सत्र के दौरान दूसरी पाली में गुरूवार को विधायक सुरेश पासवान ने विपक्ष के कटौती प्रस्ताव का विरोध करते हुए राज्य सरकार की सिंचाई योजनाओं की सराहना की।

उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों को पानी भी मिल रहा है और जलाशय योजनाओं के माध्यम से मत्स्य पालन को बढ़ावा देकर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी सदस्य केवल नकारात्मक बातें करने के लिए सदन में आते हैं। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि कुछ लोग स्वर्णरेखा डैम की परियोजना की आलोचना करते हैं।
उन्होंने पुनासी जलाशय योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इस परियोजना से किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो रहा है। इसके साथ ही जलाशय में मत्स्य पालन के माध्यम से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
विधायक ने कहा कि चांडिल, मसानजोर, मैथन और स्वर्णरेखा जैसे महत्वपूर्ण बांधों से किसानों को खेती के लिए पर्याप्त पानी मिल रहा है और इन परियोजनाओं का लाभ राज्य के कई जिलों तक पहुंच रहा है। सुरेश पासवान ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पुनासी जलाशय योजना की तर्ज पर त्रिकुट जलाशय योजना सहित अन्य जलाशय योजनाओं को भी जल्द पूरा करने की मांग की।
विधायक ने सभी विधायकों के क्षेत्रों में चापाकल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। इसके अलावा विस्थापित परिवारों की समस्याओं का जल्द समाधान करने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए देवघर शहर में संभावित जल संकट को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar
