झज्जर, 12 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस ने हिमांशु गैंग से संबंध रखने वाले दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार कर संभावित हत्या की एक बड़ी वारदात को टाल दिया।

पकड़े गए आरोपियों में सोनीपत जिला के जसराना का निवासी नितिन और जिला झज्जर के गांव बादली निवासी दीपक शामिल हैं। इन बदमाशों को जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बहादुरगढ़ सदर थाना क्षेत्र से काबू किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी नितिन गैंग के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा था और कई गंभीर आपराधिक घटनाओं में शामिल रहा है। उसने अपने साथियों के साथ मिलकर गत 16 फरवरी को रोहतक में दिल्ली बाईपास स्थित नोबल हार्ट हॉस्पिटल के सामने एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था और बकरवाला दिल्ली में भी एक व्यक्ति को गोली मारने की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा 7 मार्च को गुरुग्राम के हीरो होंडा चौक स्थित बिग बॉयज टॉयज शोरूम के बाहर जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने की घटना में भी उसकी संलिप्तता सामने आई है। वहीं दूसरे आरोपी दीपक उर्फ टाइगर के बारे में बताया कि वर्ष 2018 में उसने जमीन विवाद के चलते अपने चाचा की हत्या कर दी थी, जिसमें अदालत ने उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी। फिलहाल वह पैरोल पर जेल से बाहर आया हुआ था। पुलिस जांच में सामने आया है कि वह अपने दूसरे चाचा की हत्या की साजिश रच रहा था। झज्जर पुलिस की टीम काफी समय से दोनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी बहादुरगढ़ क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं, टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों को दबोच लिया। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि समय रहते कार्रवाई कर संभावित हत्या की वारदात को टाल दिया गया।पुलिस कमिश्नर राजश्री ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड के दौरान गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों, उनके नेटवर्क और अब तक की वारदातों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना दिल्ली पुलिस सहित संबंधित थानों को भी दे दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज
