अच्छी नींद लें, बेहतर जीवन जिएं

लखनऊ, 12 मार्च (हि.स.)। नींद सम्बन्धित बीमारी की वजह से हार्ट के मरीज बढ़ रहे हैं। विश्व में 10 प्रतिशत वयस्क अनिद्रा से ग्रसित हैं। 3-7 प्रतिशत वयस्क गट्रेक्टिव स्लीप एप्निया (OSA) से ग्रसित हैं जो कि दूसरा मुख्य निद्रा विकार है।
ज्यादातर वयस्कों में यह बीमारी पता नहीं चल पाती है। जबकि यह हाई ब्लड प्रेशर की बामारी एवं कुछ दिमाग सम्बन्धित बीमारियों की प्रमुख वजहों में से एक है। यह जानकारी किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डा.वेद प्रकाश ने गुरूवार को दी।
डा.वेद प्रकाश ने विश्व विश्व नींद दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेसवार्ता को सम्बोधित करते हुए बताया कि यह दिवस हर वर्ष नींद को विभिन्न प्रकार की बीमारियों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिये मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में नींद सम्बन्धित विकारों को कम करना है । यह दिन हर वर्ष शुक्रवार को उस दिन मनाया जाता है जब दिन और रात का समय लगभग बराबर होता है।
डा. वेद ने बताया कि विश्व नींद दिवस 2026 शुक्रवार 13 मार्च को है और इसका विषय है अच्छी नींद लें, बेहतर जीवन जिएं। पूरे विश्व में लगभग 45 प्रतिशत व्यक्ति निद्रा की कमी से होने वाले असर को महसूस करते हैं जो उनके स्वास्थ्य को प्रभावित करते है। आपकी अच्छी नींद स्वास्थ्य और कल्याण के लिए आवश्यक है। अच्छी नींद तंदुरुस्ती को बढ़ाती है जबकि खराब नींद आपके शरीर और मन के लगभग सभी पहलुओं पर नकारात्मक प्रभाव डालती है। आपकी नींद दैनिक पोषण और व्यायाम जितनी ही महत्वपूर्ण है!
–नींद सम्बन्धी बीमारी के लक्षण
दिन में अधिकाधिक सोना।
नींद पड़ने में कठिनाई।
रात में बार-बार जागना।
नींद पूरी ना होना ।
खर्राटे आना।
सरदर्द, थकान एवं चिड़चिड़ापन।
याददाश्त में कमी।
नींद में चलना, बोलना और हाथ पैर चलना।
प्रो. वेद प्रकाश ने कहा कि नींद की कमी और अनियंत्रित स्लीप एपनिया के कारण दिन में अत्यधिक नींद आने लगती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा काफी बढ़ जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
