राजगढ़, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शहर ब्यावरा थाना क्षेत्र के ग्राम जेपला में गुरुवार दोपहर खलिहान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई, जिससे दो ट्राॅली कटा हुआ गेहूं जलकर राख हो गया

वहीं ग्राम चंदेरी में शाॅर्ट-सर्किट होने से तीना बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। सूचना पर पहुंचे दमकल वाहन की मदद से आग पर काबू किया गया। पुलिस ने मामले में जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार ग्राम जेपला निवासी 27 वर्षीय संदीप पुत्र प्रेमनारायण गुर्जर के खलिहान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई, जिससे खलिहान में रखा करीब दो ट्राॅली कटा हुआ गेहूं जलकर खाक हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। एसआई राकेश शर्मा, पायलट संजय यादव व फायर ब्रिगेड पायलट रवि शाक्यवार ने मशक्कत के बाद आग पर काबू किया।
वहीं ग्राम चंदेरी निवासी मांगू पुत्र दरियावसिंह सौंधिया के खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई, देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया और करीब तीन बीघा में खड़ी गेहूं की फसल जलकर खाक हो गई। किसान दरियावसिंह का कहना है कि आगजनी से करीब 45 क्विंटल गेहूं का नुकसान हुआ है, जिससे उन्हें आर्थिक रुप से बड़ा झटका लगा है। पुलिस ने मामले में जांच शुरु की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक
