

बरेली, 12 मार्च (हि.स.) । संभागीय परिवहन कार्यालय के बाहर सक्रिय दलालों और अनधिकृत लोगों के खिलाफ गुरुवार को परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कार्यालय परिसर के बाहर लगे अस्थायी स्टॉल और दुकानों को हटवा दिया गया। साथ ही वहां रखे विभिन्न प्रपत्र और अन्य सामग्री भी हटाकर जब्त कर ली गई।

परिवहन विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ अनधिकृत लोग आम नागरिकों को गुमराह कर वाहन संबंधी कार्य कराने के नाम पर उनसे अवैध रूप से पैसे वसूल रहे हैं। इतना ही नहीं, इन लोगों की वजह से कार्यालय के बाहर अतिक्रमण भी बढ़ गया था, जिससे ट्रैफिक जाम की समस्या पैदा हो रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए परिवहन विभाग ने पुलिस प्रशासन से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद क्षेत्राधिकारी (नगर) को जानकारी देकर गुरुवार को संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान आरटीओ कार्यालय के बाहर अनधिकृत रूप से लगाए गए स्टॉल और अतिक्रमण को हटवा दिया गया, ताकि आमजन को गुमराह कर की जा रही अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके।
एआरटीओ पीके सरोज ने बताया कि परिवहन विभाग की 14 सेवाएं पूरी तरह फेसलेस प्रणाली के तहत संचालित की जा रही हैं। इन सेवाओं के लिए लोगों को कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। आवेदक घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से या अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र के जरिए इन सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति या दलाल के माध्यम से अपना काम न कराएं। यदि कोई व्यक्ति परिवहन विभाग के नाम पर अवैध धनराशि मांगता है या गुमराह करता है तो उसकी सूचना तुरंत परिवहन विभाग को दें, ताकि उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
परिवहन विभाग का कहना है कि आम नागरिकों को पारदर्शी और आसान सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है और इस तरह की अवैध गतिविधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
