
गोरखपुर, 12 मार्च (हि.स.)। ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के बीच घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर शहर में अचानक मांग बढ़ने लगी है। कई स्थानों पर उपभोक्ता अतिरिक्त सिलेंडर लेने के लिए गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जिससे कतारें लगने की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने गैस वितरण व्यवस्था पर सख्त निगरानी के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने गुरुवार को शहर की दो गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण कर सिलेंडरों के स्टॉक, आपूर्ति और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने एजेंसी संचालकों को निर्देश दिया कि किसी भी उपभोक्ता को गैस के लिए परेशान न किया जाए और अधिक से अधिक होम डिलीवरी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इस दौरान जिला पूर्ति अधिकारी रामेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
बाद में डीएम ने सभी एसडीएम और सीओ के साथ बैठक कर जनपद की 87 गैस एजेंसियों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को लगभग 60 प्रतिशत और बिना बुकिंग वाले उपभोक्ताओं को 40 प्रतिशत सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि वितरण व्यवस्था संतुलित बनी रहे।
जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि जनपद में गैस की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए घबराने या अतिरिक्त सिलेंडर लेने की आवश्यकता नहीं है। अफवाहों से बचते हुए केवल आवश्यकता अनुसार ही गैस बुकिंग करें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
