जम्मू, 13 मार्च (हि.स.)। भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को कहा कि जम्मू और कश्मीर में 20 मार्च तक मौसम की स्थिति अनिश्चित बनी रहने की संभावना है। आने वाले दिनों में मैदानी इलाकों में रुक-रुक कर बारिश और ऊंचे इलाकों में हिमपात होने की आशंका है।

श्रीनगर मौसम केंद्र के अनुसार 12 मार्च को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और कुछ स्थानों पर ऊंचे इलाकों में हल्की हिमपात की संभावना है। विभाग ने कहा कि 13 और 14 मार्च को केंद्र शासित प्रदेश में आमतौर पर शुष्क मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि 15 मार्च की रात और 16 मार्च की सुबह के आसपास मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हिमपात होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 17 और 18 मार्च को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है, साथ ही 17 मार्च की रात और 18 मार्च की सुबह कुछ इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। 19 और 20 मार्च के लिए मौसम विभाग ने आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान लगाया है, साथ ही मैदानी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचे इलाकों में छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर बर्फबारी की संभावना है। विभाग ने कहा कि 21 से 23 मार्च के बीच मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है।
इस बीच मौसम विभाग ने बताया कि श्रीनगर में पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि काजीगुंड में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस रहा। उत्तरी कश्मीर के कुपवाडा में अधिकतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पर्यटक स्थल गुलमर्ग में अधिकतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने 15 मार्च की शाम को कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और तेज हवाओं की आशंका जताते हुए चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने किसानों को 13 और 14 मार्च को खेती का काम फिर से शुरू करने की सलाह दी है जब शुष्क मौसम रहने की संभावना है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता
