बुलंदशहर, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खुर्जा कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को नेहरूपुर के पास जंगल में तीन लोगों के शव मिले। सभी मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो पायी है। घटना की जानकारी पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। प्रथमदृष्टया शव एक ही परिवार के लग रहे हैं। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि खुर्जा नगर कोतवाली क्षेत्र के गांव नेहरूपुर और मांछीपुर के पास जंगल में तीन शव मिले। महिला का शव पेड़ से लटका हुआ था, जबकि एक सात से आठ साल की बच्ची और युवक का शव जमीन पर पड़ा था। महिला और पुरुष की उम्र 28 से 30 से साल हाेगी। सूचना पर पुलिस अफसर और जांच के लिए फारेंसिक टीम पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से बारीकी से जांच की। मौके से एक मोबाइल और दो सिम मिले हैं। सभी मृतक मूलरूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले और नेहरूपुर में किराये के कमरा लेकर एक पॉटरी में मजदूरी करते थे। एक ही परिवार के बताए जा रहे थे।
पुलिस कप्तान ने बताया कि फारेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाया है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
——————
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक
