सुपौल, 13 मार्च (हि.स.)। रमजान माह के आखिरी जुम्मे यानी अलविदा जुम्मा के मौके पर शुक्रवार को जिले की मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही लोग वजू कर मस्जिदों की ओर जाने लगे। दोपहर में शहर की जामा मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की गई।

नमाज के बाद रोजेदारों और नमाजियों ने देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की के लिए दुआ मांगी। इस अवसर पर मस्जिदों और आसपास के इलाकों में साफ-सफाई और व्यवस्था को लेकर भी विशेष तैयारी की गई थी।
वहीं अलविदा जुम्मा को लेकर बाजारों में भी काफी रौनक देखने को मिली। लोग ईद की खरीदारी में जुटे नजर आए। प्रशासन की ओर से भी भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि नमाज शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
