कानपुर, 13 मार्च (हि.स.)। जनपद में अलविदा जुमा की नमाज को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन शुक्रवार को पूरे दिन सतर्क रहा। शहर के विभिन्न प्रमुख और संवेदनशील क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों ने दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शहर की तमाम मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल ने शहर के कई संवेदनशील इलाकों का स्थलीय दौरा कर मस्जिदों के आसपास सुरक्षा प्रबंध, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नमाज के दौरान पर्याप्त सतर्कता बरते और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाए।
अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. विपिन ताडा ने भी विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और पुलिस कर्मियों को मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने अपर पुलिस उपायुक्त योगेश कुमार के साथ बाबूपुरवा और नौबस्ता क्षेत्र के मछरिया इलाके में पैदल गश्त और रूट मार्च कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने रावतपुर क्षेत्र में पैदल गश्त कर संवेदनशील स्थानों और मस्जिदों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
पूरे शहर में ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। पीएसी और आरएएफ की भी तैनाती रही। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर बनाए रखा। पुलिस के अनुसार शहर में स्थिति पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण रही।—————–
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
