बलिया, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में स्टूडेंट एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत पीएमश्री कंपोजिट स्कूल के छात्र-छात्राएं सनबीम स्कूल का भ्रमण कर शिक्षण की आधुनिक विधाओं से रूबरू हुए। पहली बार किसी प्राइवेट स्कूल की प्रैक्टिकल लैब्स में विज्ञान के प्रयोगों को अपनी आंखों के सामने होते देख पीएमश्री स्कूल के बच्चे उत्साहित थे।

पीएमश्री कंपोजिट स्कूल खोरीपाकर के छात्रों ने न केवल नए कौशल सीखे, बल्कि सांस्कृतिक और शैक्षणिक आदान-प्रदान का एक अनूठा अनुभव भी प्राप्त किया। सनबीम स्कूल के भ्रमण के दौरान छात्रों ने वहां की शैक्षणिक व्यवस्था और अनुशासन को देखा और विद्यालय में चल रही स्प्रिंग कैंप की विविध गतिविधियों में भाग भी लिया। स्प्रिंग कैंप के दौरान सनबीम के छात्रों के साथ मिलकर कंपोजिट स्कूल खोरीपाकर के बच्चों ने पठन-पाठन लेखन और कहानी सुनाने की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मनोरंजन और कला के क्षेत्र में कदम बढ़ाते हुए बच्चों ने नृत्य की विभिन्न मुद्राएं भी सीखीं।
भ्रमण के दौरान छात्रों को किंडरगार्टन के दीक्षांत समारोह को देखने का अवसर भी मिला। रंग-बिरंगी पोशाकों में नन्हे बच्चों को सम्मानित होते देख छात्र बेहद प्रभावित हुए। ‘सृजन’ कार्यशाला के माध्यम से छात्रों ने ब्लॉक प्रिंटिंग और कढ़ाई जैसे हुनर सीखे। साथ ही, स्कूल की आधुनिक प्रैक्टिकल लैब्स का दौरा कर विज्ञान के रहस्यों को व्यावहारिक रूप से समझा।
पीएमश्री कंपोजिट स्कूल खोरीपाकर के प्रधानाध्यापक जितेंद्र सिंह ने बताया कि सनबीम जैसे प्रतिष्ठित विद्यालय के भ्रमण से हमारे बच्चों का नजरिया बदला है। वे वहां से आत्मविश्वास और नई तकनीक की सीख लेकर लौटे हैं। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ उपस्थित सहायक अध्यापिका प्रियंका शर्मा, सुमन यादव और अनुदेशिका सत्यभामा राय को विद्यालय प्रबंधन द्वारा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीतू तिवारी
