रांची, 13 मार्च (हि.स.)। राजधानी रांची के पुंदाग स्थित स्वामी सदानंद महाराज की ओर से संचालित श्री कृष्ण प्रणामी मंगल राधिका सदानंद सेवाधाम श्री राधा कृष्ण प्रणामी मंदिर एवं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में इन दिनों रसोई गैस की किल्लत से सेवा कार्य प्रभावित हो रहा है। मंदिर और आश्रम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाती है।

इस संबंध में ट्रस्ट के प्रवक्ता संजय सर्राफ ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मंदिर परिसर में प्रतिदिन निःशुल्क खिचड़ी का भंडारा आयोजित होता है, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करते हैं। साथ ही हर रविवार को अन्नपूर्णा महाप्रसाद भंडारा का आयोजन पिछले 05 वर्षों से हो रहा है। वहीं सद्गुरु कृपा अपना घर आश्रम में रह रहे 50 से अधिक निराश्रित और सेवादारों को रोजाना तीनों समय का भोजन कराया जाता है।
उन्होंने कहा कि रसोई गैस की लगातार कमी से भोजन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए संबंधित विभाग को रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में जल्द समाधान करने चाहिए। उन्होंने बताया कि सिलेंडर की किल्लत को देखते हुए ट्रस्ट आश्रम में चूल्हा लगाने पर भी विचार कर रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
