मंदसौर, 13 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में शुक्रवार को नगर सहित पूरे क्षेत्र में दशा माता का पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने मंदिरों में पूजन-अर्चन किया और कथा सुनी।

उन्होंने घर-परिवार की दशा सुधारने और पति की लंबी आयु के लिए कामना की। महिलाओं ने दशा माता का पूजन करने के साथ ही पीपल के पेड़ की पूजा की। उन्होंने पेड़ पर सूत लपेटकर परिक्रमा भी की। मंदसौर में प्रात: 7 बजे से ही मंदिरों में पूजन के लिए महिलाओं की भीड़ उमड़ पड़ी थी। जीवागंज स्थित पीपलीवाली अम्बे माता मंदिर में महिलाओं ने परम्परा निभाते हुए पूजन किया जहां बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचीं। यह त्योहार मुख्य रूप से घर-परिवार की दशा सुधारने, अच्छे स्वास्थ्य और पति की लंबी आयु की कामना के लिए मनाया जाता है।
दशा माता का पूजन करते समय मधुमक्खियों का हमला; एक अस्पताल में भर्ती
शहर की चौधरी कॉलोनी में दशा माता की पूजा करने पहुंची महिलाओं पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और महिलाएं पूजा बीच में छोड़कर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं। घटना में एक महिला घायल हो गई, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार यह घटना सांसद सुधीर गुप्ता के निवास के सामने स्थित बगीचे की है, जहां शुक्रवार को करीब 20 से 25 महिलाएं दशा माता की पूजा कर रही थीं। पूजा के दौरान वहीं पेड़ पर लगा मधुमक्खियों का छत्ता अचानक उड़ गया, जिसके बाद मधुमक्खियों ने महिलाओं पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर भगदड़ मच गई और महिलाएं पूजा छोड़कर वहां से भाग खड़ी हुईं। घटना में चौधरी कॉलोनी निवासी निर्मला सोलंकी घायल हो गईं। उन्हें मधुमक्खियों ने सिर, हाथ और कान पर डंक मारे। परिजन उन्हें तुरंत जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया
