बेतिया, 13 मार्च (हि.स.)। विद्यालय स्वास्थ्य एवं आरोग्य कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा दो शिक्षक, समेत स्वास्थ्य कर्मी जिन्हें स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूत के रूप में नामित किया गया है, को जिला स्तर पर आयोजित समारोह में सिविल सर्जन, पश्चिम चम्पारण डॉ विजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी रविंद्र कुमार के द्वारा शुक्रवार को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का उद्घाटन अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। वहीं प्रत्येक प्रखंड से चयनित एक प्रधानाध्यापक एवं एक स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूत को भी सिविल सर्जन, पश्चिम चंपारण द्वारा स्मृति-चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। आज के कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ विजय कुमार ने करते हुए बताया की इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालयों में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों के समग्र स्वास्थ्य एवं कल्याण को सुदृढ़ करना है।
डीआईओ डॉ अवधेश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया की आयुष्मान भारत के तहत एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य 6 से 12वीं कक्षा तक के बच्चों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाना है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कहा की यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जांच, पोषण, स्वच्छता, योग, परामर्श और 11 विषयगत क्षेत्रों के माध्यम से बच्चों को जागरूक करता है। स्कूलों में 2 शिक्षक (महिला और पुरुष) स्वास्थ्य राजदूत के रूप में काम करते हैं जो छात्रों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देते हैं। साप्ताहिक ‘स्वास्थ्य घंटी’ के माध्यम से स्वास्थ्य के विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाती है,जिसमे बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच, एनीमिया की पहचान, और आयरन की गोलियां व कृमिनाशक दवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। वहीं स्वस्थ खान-पान के बारे में शिक्षा, मध्यान भोजन की गुणवत्ता, और साफ़-सफ़ाई को बढ़ावा देना है।
आरबीएसके डीसी डॉ रंजन मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया की प्रथम पुरस्कार मो.जफर,एचएम,बेसिक स्कुल भगड़वा,रतनमाला,मझौलिया द्वितीय पुरस्कार एचएम,सोहा राय उरांव, उ.मा.वी,चरहिया, बगहा 02, एवं तृतीय पुरस्कार उमेश कुमार,एचएम, मोतीलाल हाई स्कुल,मझौलिया,सहित 16 एचएम, 16 शिक्षक, जिला स्वास्थ्य समिति के पदाधिकारियों एवं पार्टनर्स एजेंसी सिफार,पिरामल के जिला प्रतिनिधियों को स्वास्थ्य एवं आरोग्य राजदूत के रूप में सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालयों में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी प्रतिभागियों की सराहना की गई।
इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (सर्व शिक्षा अभियान), प्रभारी जिला सामुदायिक उत्प्रेरक,आरबीएस के जिला समन्वयक , सहायक कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा),पीरामल फाउंडेशन,सिफार के जिला प्रतिनिधि,जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / अमानुल हक
