नोएडा, 13 मार्च (हि.स.)। थाना बीटा- दो पुलिस ने एक सूचना के आधार पर शुक्रवार को दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से पुलिस ने चोरी किए हुए लैपटॉप, करीब 10 लाख रुपये कीमत के जेवरात और घड़ियां आदि बरामद किया है। ये बदमाश कैब चलाने की आड़ में रेकी करके रात के समय घरों में चोरी करते हैं।

पुलिस उपायुक्त डॉक्टर प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि थाना बिता दो पुलिस ने शुक्रवार को एक सूचना के आधार पर अवधेश पुत्र लायक सिंह व बलराज पुत्र रामपाल को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने 28 फरवरी को थाना बीटा- दो क्षेत्र में स्थित एक बंद पड़े घर की खिड़की तोड़कर लाखों रुपये कीमत के जेवरात, नकदी और कीमती सामान चोरी किया था। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने चोरी किए हुए सोने चांदी के जेवरात, घड़ियां, लैपटॉप आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि इनका एक साथी बंटी फरार है। उसकी पुलिस तलाश कर रही है।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपित दिन में कैब चलाते हैं, तथा रेकी करके बंद पड़े घरों को टारगेट करते हैं। उसके बाद रात को ये लोग चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि ये बदमाश इससे पूर्व भी कई बार चोरी के मामले में गिरफ्तार हो चुके हैं। पुलिस इनके गैंग के अन्य लोगों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
