प्रयागराज, 13 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के भीटी गांव में शुक्रवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद में गोली चलने से महिला समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस का कहना है कि करीब 15 दिन पहले फुजैल के लड़कों ने मामूली बात को लेकर नजर नामक युवक की पिटाई कर दी थी। उस समय मामला शांत हो गया था। शुक्रवार को अलविदा की नमाज के बाद फुजैल और नजर आमने-सामने आ गए, जहां दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
विवाद के दौरान नजर ने धमकी दी कि यदि दोबारा हाथ उठाया तो गोली मार देगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनाव बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान नजर ने देशी तमंचे से फायर कर दिया। फायरिंग में पास में खड़ी फुजैल की पत्नी और उसका भतीजा गोली लगने से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस संबंध में पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि भीटी क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान फायरिंग की घटना हुई है, जिसमें दो लोग घायल हुए हैं। घायलों का इलाज कराया जा रहा है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल
