हल्द्वानी , 14 मार्च (हि.स.)। गैस सिलेंडर को लेकर डीएम नैनीताल द्वारा कल निर्देश जारी किए गए थे कि गैस गोदाम से किसी को भी घरेलू गैस की डिलीवरी नहीं की जाएगी, बावजूद इसके आज इंडियन गैस गोदाम में भारी संख्या में लोग गैस की डिलीवरी लेने के लिए पहुंच गए सूचना मिलने पर काठगोदाम थाने प्रभारी विमल मिश्रा पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया गया। बड़ी ट्रकों से सिलेंडर को छोटे वाहनों में भरकर होम डिलीवरी के लिए अलग-अलग स्थान पर भेजा गया। वहीं एसडीएम प्रमोद कुमार, तहसीलदार कुलदीप पांडेय पूर्ति विभाग के साथ गैस गोदाम पहुंचे और लोगों को वापस घरों को भेजा गया। एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया डीएम नैनीताल द्वारा कल निर्देश जारी किए गए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडर की पूर्ति पूर्व की भांति होम डिलीवरी से ही की जाएगी। इसके लिए गैस सिलेंडरों के वाहन अलग-अलग क्षेत्र में भेजे गए हैं।

गोदाम से किसी को भी सिलेंडर नहीं दिया जाएगा। गैस सिलेंडर की कालाबाजारी को रोकने को लेकर भी पूर्ति विभाग के साथ मिलकर अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कोई भी अनावश्यक रूप से कोई पैनिक ना हो। गैस की जिले में कोई किल्लत नहीं है, स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता
