औरैया, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दारोगा भर्ती परीक्षा शनिवार से शुरू हो गई है। दो दिवसीय यह परीक्षा अगले दिन रविवार को भी जिले के उक्त परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा में कुल 10,560 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जिनमें पहले दिन 5,280 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। प्रशासन ने परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सघन जांच के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया जाए।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। प्रत्येक पाली में 2,640 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी चेकिंग की व्यवस्था की गई है। अभ्यर्थियों के कान और बालों तक की जांच की जा रही है, ताकि कोई भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर न ले जाया जा सके।
परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य की गई है। सुबह की पाली के लिए प्रवेश सुबह 8 बजे से 9:30 बजे तक तथा दोपहर की पाली के लिए प्रवेश दोपहर 1 बजे से 2:30 बजे तक दिया गया। परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पहले परीक्षा केंद्रों के गेट बंद कर दिए जाते हैं।
अभ्यर्थियों को अपने साथ एडमिट कार्ड, फोटो पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड तथा दो रंगीन फोटो लाना अनिवार्य किया गया है। वहीं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, घड़ी, गहने और डिजिटल पेन ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित है।
परीक्षा की निगरानी के लिए चार क्षेत्राधिकारी (सीओ) तैनात किए गए हैं। इसके अलावा 22 इंस्पेक्टर और 50 सब इंस्पेक्टर को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए कुल 218 पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किए गए हैं और सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी डॉ इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों में मानक के अनुरूप परीक्षा कराई जा रही है। फिलहाल पहले दिन प्रथम पाली में किसी भी केंद्र में जानकारी नहीं है। परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
